महुली नाथनगर मार्ग पर दो बाईकों की हुई थी टक्कर, तमाशबीन बने थे लोग
सूचना पर मय फोर्स पहुंचे एसओ दुर्गेश पांडेय ने घायल को उठाने के बाद मौजूद भीड़ को मदद करने की दी नसीहत
स्मार्ट पुलिसिंग के सहारे होली पर्व को शांति से सम्पन्न कराने वाले एसओ महुली का शुक्रवार को मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण व्यक्तित्व भी नजर आया। मार्ग दुर्घटना में सड़क पर तड़फ रहे घायलों को न सिर्फ दौड़ कर उठाया बल्कि संवेदनहीन बनी तमाशबीन भीड़ को भी नसीहत दे डाली। महुली पुलिस के इस अंदाज की कस्बे में चर्चा तेज है।
थाने से मात्र 5 सौ मीटर दूर महुली नाथनगर मार्ग पर शुक्रवार को दो बाईकों की आपस में टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो इस जोरदार टक्कर में दोनो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर छटपटा रहे थे। राहगीरों की भीड़ भी तमाशबीन बन कर खड़ी थी। उसी समय सूचना मिलते ही एसओ महुली दुर्गेश कुमार पांडेय मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचते ही एसओ ने गाड़ी से उतर कर गंभीर रूप से घायल युवक को गोद में उठाकर एंबुलेंस का इंतजार किए बिना खुद की गाड़ी में डालने का प्रयास शुरू कर दिया। अपने कमांडर की तत्परता देख हमराही भी मदद में जुट गए। श्री पांडेय ने चुपचाप खड़ी तमशबीन भीड़ को मदद में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया तो लोग भी घायलों की मदद में आगे बढ़े। दोनो घायलों को अपनी गाड़ी से ले जा रहे थानेदार ने रास्ते में पहुंची एंबुलेंस में रखवा कर सीएचसी नाथनगर पहुंचे। घायलों की पहचान महुली निवासी 45 वर्षीय बलराम तिवारी पुत्र भास्कर तिवारी और बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बरी निवासी 17 वर्षीय अर्पित सिंह पुत्र अंगद सिंह के रूप में हुई। दोनो घायलों की स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष महुली की इस तत्परता और संवेदनशीलता की पूरे कस्बे में चर्चा तेज है।
एसओ महुली की फिर दिखी मानवीय संवेदना, सड़क पर छटपटा रहे युवक को दौड़ कर उठाया
