पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, मे अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के निकट पर्यवेक्षण में थाना महुली क्षेत्र में कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा वृहद जनसंवाद बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों, शिक्षकों, युवाओं, महिला समूहों एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया । बैठक के दौरान पुलिस एवं जनता के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, अपराध नियंत्रण में जनसहभागिता बढ़ाने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई । उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक एवं डिजिटल भुगतान सम्बन्धी धोखाधड़ी से बचाव के सम्बन्ध में जागरूक किया गया । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181 तथा मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए सुरक्षा संबंधी उपायों से अवगत कराया गया । साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं से सावधान रहने तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गयी ।
बैठक में किरायेदारों, घरेलू सहायकों एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, यातायात नियमों के पालन, नशामुक्त समाज का निर्माण तथा लोगो के सहयोग से अपराधों की रोकथाम पर विशेष बल दिया गया । उपस्थित नागरिकों से अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराने का आह्वान किया गया । कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने, क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सूचना देकर पुलिस का सहयोग करने का आश्वासन दिया ।
जनसंवाद बैठक का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने की सहभागिता
