नवागत थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय ने महुली थाना परिसर में पत्रकारों से वार्ता के दौरान गिनाई प्राथमिकता
सीमा क्षेत्र की निगरानी के साथ ही आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की चौकस नजर
स्मार्ट पोलिसिंग के सहारे महुली थाना क्षेत्र में अमन चैन कायम रखने का पूरा प्रयास किया जाएगा। आम जनमानस का पुलिस और कानून पर भरोसा कायम रखते हुए क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाना ही पहली प्राथमिकता है। उक्त बातें महुली थाने के नवागत थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय ने रविवार को थाना परिसर में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। थानाध्यक्ष श्री पांडेय ने कहा कि थाना क्षेत्र के सीमाओं की मजबूत निगहबानी के साथ ही समाज के आपराधिक तत्वों पर भी पुलिस की पैनी निगाह होगी। खाकी के साए में रहते हुए भी धरातल पर अपने रचनात्मक कार्यों के लिए चर्चित श्री पांडेय ने महुली थाना क्षेत्र को अपनी बेहतर सेवा देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी विवाद के मामलों को राजस्व विभाग के साथ मिलकर निपटाने पर जोर रहेगा। स्कूल कॉलेजों के इर्द गिर्द मंडराने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। सीनियर सिटीजन और पीड़ितों के प्रति पुलिस का रवैया सहयोगात्मक रहे इसके लिए थाने में तैनात सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दे दिए गए हैं। श्री पांडेय ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में कानून का इकबाल बुलंद रखने में किसी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
