कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
यूपी-112 को मिले 07 नए दोपहिया वाहन, पुलिस अधीक्षक ने किया शुभ मुहूर्त में पूजन
यूपी-112 को मिली नई ताक़त
जनपद संतकबीरनगर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय यूपी-112, लखनऊ द्वारा उपलब्ध कराए गए 07 अदद दोपहिया बजाज पल्सर वाहनों का शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजन पुलिस अधीक्षक जनपद संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय अजय सिंह, प्रभारी यूपी-112 राहुल सिंह यादव पीआरओ पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार पाण्डेय सहित यूपी-112 से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा पूजन उपरांत सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर यूपी-112 आपातकालीन सेवा के संचालन हेतु रवाना किया गया । इन दोपहिया वाहनों को विशेष रूप से शहरी एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैनात किया जाएगा, जिससे आपात स्थितियों में रिस्पॉन्स टाइम को और कम किया जा सके। इस क्रम में थाना कोतवाली खलीलाबाद को 02 अदद वाहन, थाना बखिरा को 01 अदद वाहन, थाना मेहदावल को 02 अदद वाहन, थाना धर्मसिंहवा को 01 अदद वाहन, थाना महुली को 01 अदद वाहन प्रदान किया गया । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन नए दोपहिया वाहनों के संचालन से यूपी-112 की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा जनमानस को समयबद्ध, त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता सुनिश्चित हो सकेगी । यह पहल अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करेगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वाहनों के बेहतर रखरखाव एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
