पिछली होली में डीजे पर अश्लील गाना बजाने पर हुई थी आगजनी
एसओ महुली ने शांति स्थापित करने के लिए ग्रामीणों से किया संवाद

शांति के माहौल में त्यौहार की निपटाने के लिए महुली पुलिस संकल्पित नजर आ रही है। बीते वर्ष कर्री में होली के बदरंग हुए रंग की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस ने शनिवार को गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर शांतिपूर्ण ढंग से पर्व की खुशियां मनाने का भरोसा दिलाया।
थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ शनिवार को थानाक्षेत्र के कर्री गांव पहुंचे। गांव पहुंचकर एसओ महुली ने ग्राम प्रधान कौशल चौधरी के नेतृत्व में मौजूद ग्रामीणों के साथ बैठक किया। श्री पांडेय ने ग्रामीणों को पर्व की महत्ता समझाते हुए उन्हें होली पर्व को शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील किया। बीते साल कर्री में डीजे पर अश्लील गाना चलाने को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद जातीय संघर्ष, मारपीट और आगजनी में बदल गया था। कई लोग घायल हुए थे और तमाम ग्रामीणों पर गंभीर धाराओं में केस भी पंजीकृत हुआ था। रंगों के पर्व को बदरंग होने से बचाने के लिए थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। श्री पांडेय ने अराजक तत्वों को चेतावनी दिया कि निर्धारित समय के बाद डीजे बजाने, सीनियर सिटीजन पर जबरिया रंग डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। तय जगह पर ही होलिका दहन होना सुनिश्चित है। नियमों और आदेशों का उलंघन करने वालों पर पुलिस की निगाह रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों को प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ होली पर्व मनाने की सलाह दिया। इस दौरान चौकी प्रभारी अशोक कुमार सिंह, ग्राम प्रधान कौशल चौधरी सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
