प्रेस क्लब की वर्षों पुरानी मांग पूरी नहीं हुई तो खुद के संसाधनों से मीडिया सेंटर तैयार करने का नीलमणि ने उठाया बीड़ा
असहाय और बेबस मासूमों को आशियाना उपलब्ध कराने के साथ ही धनघटा तहसील परिसर में खुद के संसाधनों से अधिवक्ता चेंबर का निर्माण कराने वाले धनघटा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नीलमणि ने अब तहसील क्षेत्र के पत्रकारों के लिए खुद के संसाधनों से मीडिया सेंटर के निर्माण का बीड़ा उठाया है। धनघटा तहसील परिसर और थाना परिसर के बीच एक वातानुकूलित और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस मीडिया सेंटर के निर्माण का काम अंतिम दौर में है। यह मीडिया सेंटर ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों के लिए किसी प्रेस क्लब से कम नहीं होगा। देखा जाय तो यह जिले का पहला वातानुकूलित सार्वजनिक मीडिया सेंटर होगा। कई वर्षों से जिला मुख्यालय से लेकर तहसील मुख्यालय पर भी पत्रकार संगठनों द्वारा प्रेस क्लब के लिए जमीन आवंटन और भवन निर्माण की मांग उठती आ रही है। जिम्मेदारों द्वारा लगातार सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा। पीड़ितों, मजलूमों और शोषितों की आवाज उठाने वाले पत्रकार समुदाय की पीड़ा भले ही प्रशासनिक जिम्मेदार नहीं महसूस कर पाए लेकिन धनघटा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं भाजपा नेता नीलमणि ने इस दर्द को महसूस करते हुए खुद के संसाधनों से एक वातानुकूलित और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस मीडिया सेंटर की स्थापना का कार्य बड़ी खामोशी से शुरू करा दिया। इस सेंटर के निर्माण और फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में है जल्द ही इस सेंटर को पत्रकारों के लिए समर्पित किया जाएगा। इस संबंध में नीलमणि ने बताया कि कलमकार इस समाज का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। शासकीय योजनाओं का प्रचार प्रसार हो अथवा विपक्ष की न्याय संगत आवाज, पीड़ितों और मजलूमों का दर्द हो अथवा जिम्मेदारों की कमियों पर ध्यानाकर्षण हर मुद्दों पर पत्रकारों की आवाज महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में जब ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों को चाय की दुकानों अथवा चौराहों पर किसी की पीड़ा सुनते देखता था तो मन में एक टीस उभरती थी। समाज की आवाज बनने वाले इस समुदाय के लिए एक छोटा सा स्थान उपलब्ध कराने की इक्छा जगी तो इस मीडिया सेंटर की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने जल्द ही इस सेंटर को पत्रकारों के लिए समर्पित करने का भरोसा दिलाया। नीलमणि के इस ऐतिहासिक प्रयास पर ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों ने उन्हें बधाई दिया है।
धनघटा में नीलमणि के सहयोग से बन कर तैयार हो रहा जिले का पहला वातानुकूलित मीडिया सेंटर पीड़ितों और शोषितों की आवाज कहे जाने वाले कलमकारों को जल्द ही समर्पित होगा यह मीडिया सेंटर नीलमणि
