संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जनपद के तीनों तहसीलों में कुल 150 फरियादियों के विभिन्न मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्रों की हुई सुनवाई, 22 प्रकरणों का कराया गया तत्काल निस्तारण।
संत कबीर नगर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना व अपर जिलाधिकारी (वित्त राजस्व) जयप्रकाश की उपस्थिति में धनघटा तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
अपर जिलाधिकारी द्वारा फरियादियों के प्रकरणों की सुनवाई करते हुए शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए अपर जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद/अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर मामले का निस्तारण किया जाए।
धनघटा तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 69 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से अपर जिलाधिकारी द्वारा 10 प्रार्थना पत्रों का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया। शेष प्रकरणों को अपर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए तत्काल कार्यवाही कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये गए।
कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों/थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाय कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी धनघटा रविकांत चौबे, तहसीलदार धनघटा राम जी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग से सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उन्होंने राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से सम्बंधित विभिन्न मामलों को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच की जाए तथा दोनों पक्षों की पूरी बात को गम्भीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित की जाए।
तहसील मेंहदावल में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 34 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से अपर जिलाधिकारी द्वारा मौके पर 07 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करवाते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया। अपर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 08 प्रार्थना पत्रों के सापेक्ष प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने हेतु टीम भेजी गई।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मेहदावल अरुण कुमार, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा सहित सम्बंधित अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में खलीलाबाद तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में जन सामान्य के शिकायतों की सुनवाई की गई।
उन्होंने विभिन्न मामलों से सम्बंधित समस्याओं को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में किसी भी प्रकार के त्रृटियों से सम्बंधित शिकायतों को गम्भीरतापूर्वक सम्बंधित कर्मचारी के साथ मौके की जांच कर एवं उभय पक्षों की बात को सुनते हुए नियमानुसार निस्तारित कराया जाए।
तहसील खलीलाबाद में कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराते हुए मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया तथा 06 प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने हेतु टीम भेजने हेतु निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार आनंद ओझा सहित राजस्व निरीक्षक, तहसील के राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
