महुली थाना परिसर में बुधवार को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर होमगार्ड राजदेव चौधरी को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर आयोजित समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और होमगार्ड जवानों ने उनके लंबे एवं अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक परवेज अहमद, उपनिरीक्षक सोमनाथ मिश्रा, होमगार्ड कंपनी के एसीसी जामवंत चौधरी तथा पीसी राकेश कुमार गुप्ता ने राजदेव चौधरी को पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान थाना प्रभारी दुर्गेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि राजदेव चौधरी ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन का
उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका कार्य और व्यवहार आने वाली पीढ़ी के जवानों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि विभाग उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा। पीसी राकेश कुमार गुप्ता एवं एसीसी जामवंत चौधरी ने उनके दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सादगी, और सेवा भावना सभी के लिए अनुकरणीय है। विदाई समारोह के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों और होमगार्ड जवानों ने राजदेव चौधरी के साथ बिताए गए वर्षों की यादे साझा की। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर एसआई परवेज अहमद, एसआई सोमनाथ मिश्रा, चौकी प्रभारी हरिहरपुर अशोक कुमार सिंह, कांस्टेबल तबरेज , नूरुद्दीन खां, राजमंगल, अरविंद यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजद रहे।
होमगार्ड राजदेव चौधरी को भावभीनी विदाई
