कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत थाना महुली में चौकीदारों के साथ बैठक आयोजित

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में व अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाए जाने एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के प्रभावी निराकरण हेतु ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के साथ एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान ग्राम प्रहरियों से उनके-अपने ग्रामों की वर्तमान स्थिति, कानून एवं शांति व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं, वृद्ध एवं असहाय व्यक्तियों की स्थिति, दिव्यांगजन की आवश्यकताओं तथा ऐसे व्यक्तियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई जिन्हें पुलिस अथवा प्रशासनिक स्तर पर सहायता की आवश्यकता हो ।

ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने गांवों में निवास कर रहे अकेले वृद्धजन, दिव्यांगजन, निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की जानकारी नियमित रूप से पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे आवश्यकतानुसार उनकी सहायता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही गांवों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, बाहरी व्यक्तियों के आगमन, आपसी विवादों, महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी मामलों तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना से तत्काल पुलिस को अवगत कराने हेतु प्रेरित किया गया।

बैठक में ग्राम प्रहरियों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया तथा पुलिस एवं ग्रामीण समुदाय के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। उपस्थित ग्राम प्रहरियों को बताया गया कि जनसहयोग एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान से अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

थाना महुली पुलिस द्वारा आश्वस्त किया गया कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता हेतु पुलिस सदैव तत्पर है तथा कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से जनता एवं पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »