हरपुर-सिक्टहा मार्ग गड्ढों में तब्दील, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
संत कबीर नगर। विकास खंड नाथनगर क्षेत्र के हरपुर-सिक्टहा मार्ग की बदहाल स्थिति से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें जमा पानी दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं।
रतनपुर निवासी प्रभुनाथ और संजय यादव, गिरिश चौधरी ने बताया कि सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण राहगीरों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की बदहाली के चलते आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से हरपुर-सिक्टहा मार्ग की जल्द मरम्मत कराने तथा गड्ढों को भरवाकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग ग्रामीणों की इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर सड़क की सुध लेता है।
